योगी की मां के अंतिम संस्कार में जुटे दिग्गज, चंडीघाट पर नेताओं और संतों का लगा जमावड़ा

सीएम योगी की मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देने हरिद्वार पहुंचे कई राज्यों के नेता, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और संतों ने दी श्रद्धांजलि

News Nation Today Admin
·
रिपोर्ट: News Nation Today Adminप्रकाशित: News Nation Today Admin
प्रकाशित: अपडेट: 2 मिनट का पाठ

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में शनिवार को देशभर से राजनीतिक और धार्मिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां पहुंचीं। हरिद्वार के चंडीघाट पर अंतिम संस्कार के दौरान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के नेताओं, मंत्रियों, भाजपा पदाधिकारियों और संतों का जमावड़ा लगा। योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक जताने और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए कई दिग्गज नेता चंडीघाट पहुंचे।

410280.jpg

अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा की वरिष्ठ नेता बांसुरी स्वराज, योग गुरु बाबा रामदेव सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद और सभी 13 अखाड़ों के आचार्य एवं श्रीमहंत भी अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे। बाबा रामदेव ने संतों के साथ श्रीमद्भगवद्गीता के अध्यायों का पाठ किया।

इस दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी पहुंचे। उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

धार्मिक जगत से परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती, बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी समेत विभिन्न अखाड़ों के संतों ने श्रद्धांजलि दी। घाट पर श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ भी किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उनकी अर्थी को कंधा दिया। इस दौरान वह कई बार भावुक हुए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने मां की चिता को मुखाग्नि दी।

मां के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार में शोक का माहौल है। सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में पैतृक गांव पंचूर में निधन हुआ था। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और शुभचिंतक भी शामिल हुए।

और खबरें