ब्रेकिंग:उत्तराखंड की बेटी न होती तो सैफई में भैंस चरा रहे होते... सीएम योगी का अखिलेश पर तीखा हमला

उत्तराखंड महोत्सव-2026 में बोले योगी- देवभूमि के लोगों को घुसपैठिया बताने वालों की सोच संकुचित

News Nation Today Admin
·
रिपोर्ट: News Nation Today Adminप्रकाशित: News Nation Today Admin
प्रकाशित: 2 मिनट का पाठ
  • बांग्लादेशी-पाकिस्तानी घुसपैठियों से गले मिलते हैं; उत्तराखंड का पानी पिया, अन्न ग्रहण किया, चुनौती से मुकाबला करना हमारे जींस में

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड महोत्सव-2026 के मंच से समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने संबंधी बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि देवभूमि के लोगों के प्रति जहर उगलने वालों की सोच बेहद छोटी और संकुचित है। योगी ने कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो तुम सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का उत्तर प्रदेश से ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ता है। उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री गोविंद बल्लभ पंत भी उत्तराखंड की धरती से थे। उन्होंने मां गंगा, यमुना और सरयू का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पवित्र नदियों का उत्तराखंड से गहरा संबंध है। जिस देवभूमि से देश की करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है, वहां के लोगों के प्रति इस तरह की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

योगी ने कहा कि एक तरफ कुछ लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के साथ गले मिलते हैं और उनके सामने नाक रगड़ते हैं, वहीं दूसरी तरफ देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के प्रति जहर उगलने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का सम्मान और उनकी अस्मिता का सम्मान करना हर भारतीय का दायित्व है।

उत्तराखंड का पानी पिया, अन्न ग्रहण किया

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि हम लोगों ने उत्तराखंड का पानी पिया है और वहां का अन्न ग्रहण किया है। चुनौती स्वीकार करना और उसका मुकाबला करना हमारे जींस का हिस्सा बन गया है। हम चुनौतियों से भागते नहीं, बल्कि उनका डटकर मुकाबला करते हैं। देशहित में जो भी कार्यक्रम और पहल होती है, देवभूमि उत्तराखंड हमेशा उन्हें आगे बढ़ाने का काम करती है।

अवध और देवभूमि की संस्कृति का संगम

योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव को सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि लखनऊ अवध की संस्कृति का केंद्र है और यहां देवभूमि उत्तराखंड का गौरव इस महोत्सव के माध्यम से देखने को मिल रहा है। दोनों क्षेत्रों की परंपराएं, संस्कृति और विरासत एक मंच पर मिलती हैं। यह संगम हर व्यक्ति के अंत:करण को देवत्व के भाव से जोड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। अलग-अलग क्षेत्रों की भाषा, परंपरा और रहन-सहन के बावजूद हमारी सांस्कृतिक चेतना एक है। उत्तराखंड महोत्सव इसी एकता, परंपरा और राष्ट्रीय गौरव को आगे बढ़ाने का माध्यम है।

खबर का राजनीतिक एंगल: योगी ने उत्तराखंड की अस्मिता और यूपी से उसके ऐतिहासिक रिश्ते को आधार बनाकर विपक्ष पर निशाना साधा। सैफई और भैंस चराने वाला उनका बयान इस संबोधन का सबसे तीखा राजनीतिक हिस्सा रहा।

और खबरें