ब्रेकिंग:गोरखपुर को 792 करोड़ की 55 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम योगी, प्रदेश के पहले वानिकी विश्वविद्यालय की रखेंगे नींव

कैम्पियरगंज के भारीवैसी में 491 करोड़ से 50 हेक्टेयर में बनेगा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय, 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 39 का करेंगे लोकार्पण

News Nation Today Admin
·
रिपोर्ट: News Nation Today Adminप्रकाशित: News Nation Today Admin
प्रकाशित: 3 मिनट का पाठ
  • राप्ती-रोहिन के तटबंधों को मिलेगी मजबूती, बाढ़ बचाव और पेयजल योजनाओं से हजारों लोगों को होगा लाभ

गोरखपुर, 17 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर दौरे पर जिले को 792.18 करोड़ रुपये की 55 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह कैम्पियरगंज के भारीवैसी में उत्तर प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही उच्च शिक्षा, ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी, बाढ़ नियंत्रण और पेयजल व्यवस्था से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

मुख्यमंत्री कुल 621.05 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत 792.18 करोड़ रुपये है। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा कैम्पियरगंज में बनने वाला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय होगा, जिसे पूर्वांचल में उच्च शिक्षा और शोध के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

50 हेक्टेयर में बनेगा प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय

कैम्पियरगंज के भारीवैसी में 50 हेक्टेयर यानी करीब 123.55 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस विश्वविद्यालय पर 491 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। यहां वानिकी एवं औद्यानिकी के साथ वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल उत्पादन और बागवानी जैसे विषयों की पढ़ाई होगी। विश्वविद्यालय में बीएससी, एमएससी, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि वन संपदा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक कृषि-बागवानी के क्षेत्र में विशेषज्ञ तैयार करना भी है। इसके साथ ही यहां से डिग्री प्राप्त विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा और क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण देने का प्रस्ताव भी है।

बाढ़ से बचाव के लिए दो बड़े पंपिंग स्टेशन

विश्वविद्यालय के अलावा मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी, बाढ़ बचाव और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सुरक्षा से जुड़ी 15 अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें रोहिन नदी के दाएं तट पर स्थित मछलीगांव अलगटपुर तटबंध के किमी 18.20 पर कलान नाले के पास कल्याणपुर में 54.52 करोड़ रुपये की लागत से पंपिंग स्टेशन का निर्माण प्रमुख है।

इसी तरह मानीराम-डोमिनगढ़ तटबंध के किमी 10 पर ग्राम सिउरिया के पास 57.19 करोड़ रुपये की लागत से दूसरा पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बरसात के दौरान जलभराव और बाढ़ के खतरे को कम करना तथा आसपास के गांवों को राहत पहुंचाना है।

राप्ती और रोहिन के तटबंधों पर कटाव रोकने के काम पूरे

मुख्यमंत्री 39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। इनमें राप्ती और रोहिन नदियों के तटबंधों को मजबूत करने तथा कटाव रोकने के कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। राप्ती नदी के बाएं तट पर गाहांसाड़-कोलिया तटबंध पर उत्तरासोत गांव के समीप 17.38 करोड़ रुपये की लागत से कटाव निरोधक कार्य कराया गया है।

वहीं, रोहिन नदी के दाएं तट पर मानीराम-डोमिनगढ़ तटबंध के किमी 9.60 से 11.60 तक 8.41 करोड़ रुपये की लागत से स्लोप पिचिंग का कार्य पूरा किया गया है। राप्ती नदी के बाएं तट पर बढ़या कोठा तटबंध पर तुर्कवलिया गांव के समीप 6.56 करोड़ रुपये की लागत से कटाव निरोधक कार्य भी लोकार्पित किया जाएगा।

पीपीगंज को मिलेगी बेहतर पेयजल सुविधा

शहरी पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अमृत 2.0 योजना के तहत पीपीगंज नगर पंचायत पुनर्गठन पेयजल योजना के दोनों चरणों का लोकार्पण होगा। इसके पार्ट-1 पर 34.36 करोड़ रुपये और पार्ट-2 पर 26.06 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इन योजनाओं के शुरू होने से नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

कुल मिलाकर मुख्यमंत्री का यह दौरा गोरखपुर के लिए उच्च शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, बाढ़ नियंत्रण और बुनियादी सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना से पूर्वांचल में शिक्षा, शोध और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।

और खबरें

2027 चुनाव: बसपा ने घोषित किए 9 विधानसभा प्रत्याशी, अंबेडकरनगर पर खास फोकस
राज्यLIVE

2027 चुनाव: बसपा ने घोषित किए 9 विधानसभा प्रत्याशी, अंबेडकरनगर पर खास फोकस

आकाश आनंद ने अयोध्या में किया उम्मीदवारों के नामों का ऐलान, बीकापुर से जितेंद्र सिंह बबलू तो कटेहरी से मारुति मिश्रा को टिकट

News Nation Today Admin

शाहजहांपुर में कांग्रेस की रैली में माइक के लिए भिड़े नेता, प्रदेश अध्यक्ष के सामने हुई तीखी बहस
राज्यLIVE

शाहजहांपुर में कांग्रेस की रैली में माइक के लिए भिड़े नेता, प्रदेश अध्यक्ष के सामने हुई तीखी बहस

मंच पर जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता और पूर्व प्रत्याशी मुन्ना नवादा के बीच हुई नोकझोंक

News Nation Today Admin